सूक्ष्म उलझाव की गलियों में
तन-मन भटक-भटक जाता है
देख उद्विग्न जगत का उपद्रव
अपने को असहाय ही पाता है
असंग भाव में बह-बह कर भी
संगी-साथी हिल-मिल जाते हैं
प्रेम-विरह के शाश्वत क्रीड़ा में
ठिठक-ठिठक , रुक से जाते हैं
प्राणों को कौंधाने वाली पीड़ा
क्यूँ तड़क -तड़क तड़पाती है
सह-सह के मर्माघात अनवरत
किंतु अभ्यस्त कहाँ हो पाती है
बस एक बवंडर बन के धूल का
आँखों में यूँ घिर-घिर आता है
शांत - शिथिल हो जाने पर भी
गहरे चिह्न कोई छोड़ जाता है
लहक-लहक कर आग उसे तो
पूरी तरह राख नहीं कर पाती है
वह आकाश तो उड़ ही जाता है
बस एक बंद मुट्ठी रह जाती है
छोर नाप-नाप थके पल -छिन
कभी भी, चैन तनिक न पाते हैं
बढ़ ग्लानि से गलबहियाँ कर के
सिसक-सिसक के सिसकाते हैं
कई-कई पर्तों में वही एक घाव
उभर -उभर कर चला आता है
कई पाटों में पिस-पिस कर भी
साबूत का साबूत बच जाता है .