वाक् मेरे वाग्बद्ध हो
क्यूँ सुर में झंकृत होने लगा है
वेदना अब वंदना बन
क्यूँ अश्रु सा बहने लगा है
व्यथा भी वितृण वाट्य बन
क्यूँ पुष्प सा खिलने लगा है...
बोलो हे ! विधि के विधायक
सघन वीथिका में दृग हमारे
क्यूँ कर दिए वृहद् इतना
उभरती हैं जो वृत्तियाँ आज ये सहसा
उन्हें कुछ भिन्न सा दिखने लगा है ....
बोलो हे ! सर्व सत्व के सर्जक
गहन संवेदना में संस्पर्श हमारे
क्यूँ कर दिए सूक्ष्म इतना
उमड़ती है जो अनुभूतियाँ आज ये सहसा
उन्हें कुछ भिन्न सा छूने लगा है....
बोलो हे ! प्रणय के प्रदीपक
प्रेम की कैसी ये धारा
बह रही है मुझमें अब
निज है जो मेरा आज ये सहसा
क्यूँ निज में ही खोने लगा है।
वाग्बद्ध -- मौन , वितृण --- तृष्णा रहित , विधायक -- नियम बनाने वाला ,
सत्व -- अस्तित्व , प्रणय -- प्रेम
प्रदीपक -- प्रकाश फैलानेवाला